महासमुंद(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस ने जिले के थाना महासमुंद, थाना सिंघोड़ा और थाना तुमगांव क्षेत्र में हुई तीन बड़ी चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 107.009 ग्राम सोना, 747.730 ग्राम चांदी सहित 21.39 लाख रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महासमुंद, सिंघोड़ा और तुमगांव थाना क्षेत्र के मामलों में 21.39 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद, सोना-चांदी समेत 12 आरोपी भेजे गए जेल।
थाना महासमुंद क्षेत्र में 18 मई 2026 को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में दबिश देकर मिथलेश उर्फ फक्के, रोशन मरावी, पंकज सिंह मरावी और राजा सिंह धुर्वे को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल सहित 1.66 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद सहित अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
थाना सिंघोड़ा पुलिस ने नकबजनी के मामले में सक्रिय पारधी गिरोह के सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर 12.46 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोटरसाइकिलें और अन्य सामान जब्त किया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने आरंग और जैजैपुर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी का माल खरीदने के आरोप में एक सराफा कारोबारी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
वहीं थाना तुमगांव पुलिस ने ग्राम अछोली में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए राहुल उर्फ भोजदास साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी ने ग्राइंडर से घर का ताला काटकर सोने-चांदी के जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.26 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ग्राइंडर बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के जेवर विभिन्न ज्वेलर्स को बेचने की बात स्वीकार की।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुछ फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से इन बड़ी वारदातों का खुलासा संभव हो सका। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


