महासमुंद। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बिरकोनी में 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक 14 वर्षीय किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना तथा अभिभावकों में इस टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। केंद्र सरकार द्वारा 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए यह टीकाकरण अभियान देशभर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
बिरकोनी में 13 से 18 जुलाई तक चलेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का विशेष अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से सहयोग की अपील की।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर बिरकोनी में अभियान के दौरान प्रभारी चिकित्सक तोरण चंद्राकर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पात्र किशोरियों का पंजीयन कर उन्हें निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण कार्य में सेक्टर सुपरवाइजर किशोर पटेल, पुष्पलता चंद्राकर (RHO), किरण कौशिक (RHO), राजेंद्र सिदार (RHO) तथा मितानिन कार्यकर्ता देवकी बाई, सुरजा मेहर, संध्या यादव और इंदु यादव सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अभिभावकों को टीके के महत्व, सुरक्षा तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संबंधी जानकारी भी दी जा रही है।
प्रभारी चिकित्सक तोरण चंद्राकर ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसकी रोकथाम समय पर एचपीवी टीकाकरण से संभव है। उन्होंने पात्र किशोरियों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित तिथि के भीतर टीकाकरण केंद्र लाकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिलाएं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।


