सरायपाली(जीतयादव)। सरायपाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.5 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ओम अस्पताल के पास आम लोगों को डरा रहा था आरोपी, पुलिस ने 11.5 इंच का धारदार चाकू किया जब्त।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि ओम अस्पताल, सरायपाली के पास एक युवक आम रास्ते पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतुल प्रधान (22 वर्ष) पिता स्व. राजेन्द्र प्रधान, निवासी ब्लॉक कॉलोनी, सरायपाली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.5 इंच लंबा लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹200 बताई गई है। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


