सरायपाली(जीतयादव)। भारत फाइनेंशियल लिमिटेड की सरायपाली शाखा में 22.66 लाख रुपये से अधिक के गबन के मामले में लगभग छह माह से फरार चल रहे चौथे आरोपी को सरायपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और डाटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी का पता लगाकर रायगढ़ में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस बहुचर्चित मामले के सभी चार आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।
भारत फाइनेंशियल लिमिटेड गबन मामले में तकनीकी जांच से मिली सफलता, सभी चार आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में।
पुलिस के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को कंपनी के अधिकारी हेमेन्द्र राजाराम जगबंधु ने थाना सरायपाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी की सरायपाली शाखा में कार्यरत चार कर्मचारियों ने मिलीभगत कर हितग्राहियों से जमा की गई 22,66,645 रुपये की राशि कंपनी में जमा न कर उसका गबन कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही सभी आरोपी फरार हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले शुभम पाणीग्राही, रोहन प्रधान और प्रमोद महंत को गिरफ्तार किया था। वहीं फरार चल रहे भारत फाइनेंशियल के अंतिम आरोपी दीपक कुमार चौहान (24 वर्ष) निवासी गोबरसिंहा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी मिली, जिसका उपयोग आरोपी द्वारा किए जाने की पुष्टि हुई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर रायगढ़ में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण की विवेचना पूरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


