सरायपाली(जीतयादव)। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक महासमुंद के निर्देशानुसार शनिवार को सेजेस सरायपाली सभागार में विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक संचालक प्रकाशचंद्र मांझी, एपीसी (समग्र शिक्षा) सम्पा बोस, बीईओ टीकमचंद पटेल, बीआरसीसी देवानंद नायक, विकासखंड के सभी प्राचार्य एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।
डीईओ ने प्राचार्यों व संकुल समन्वयकों को दिए निर्देश, शिक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर परीक्षा परिणाम पर हुई समीक्षा।
बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं, विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपलब्धि, ड्रॉपआउट बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने, विद्यार्थी हितैषी योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन तथा बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए विस्तृत समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विद्यालयों को उत्कृष्ट बनाने, शिक्षकों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा सभी स्तरों पर मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने और वीएसके ऐप के माध्यम से नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने भाषा एवं गणितीय दक्षता, लक्ष्य महासमुंद कार्यक्रम, नवोदय, सैनिक स्कूल, एनएमएमएस और प्रयास जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अपार आईडी, आधार कार्ड, छात्र ग्रेडिंग तथा एमआईएस मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सहायक संचालक प्रकाशचंद्र मांझी ने पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने पर बल दिया।
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। संचालन यशवंत कुमार चौधरी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बीईओ टीकमचंद पटेल ने किया।


