बसना(रूपानंद साव)। कांजी हाउस को घायल एवं असहाय गौवंशों के संरक्षण और उपचार की व्यवस्था को लेकर वार्ड क्रमांक-01 के पार्षद मनोज कुमार गहेरवाल ने नगर पंचायत में पुनः संचालित करने की मांग की है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन सौंपकर कांजी हाउस की मरम्मत कर जल्द शुरू करने का अनुरोध किया है।
कांजी हाउस को घायल और बेसहारा पशुओं के संरक्षण व उपचार के लिए नगर पंचायत से की गई पहल।
पार्षद ने बताया कि नगर में सड़क दुर्घटनाओं, बीमारी और अन्य कारणों से कई गौवंश घायल अवस्था में सड़कों पर भटकते रहते हैं। समय पर उपचार और सुरक्षित स्थान नहीं मिलने के कारण उनकी स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में कांजी हाउस के संचालन से घायल एवं बेसहारा पशुओं को संरक्षण, उपचार और देखभाल की समुचित सुविधा मिल सकेगी।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत द्वारा पूर्व में निर्मित कांजी हाउस रखरखाव के अभाव में अनुपयोगी हो गया है। आवश्यक मरम्मत और संसाधनों की व्यवस्था होने पर इसे दोबारा प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकता है। वहीं पशु चिकित्सा विभाग बसना के पशु चिकित्सक ने भी नगर पंचायत को पत्र लिखकर घायल एवं असहाय पशुओं के उपचार और सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
पार्षद ने यह भी बताया कि माननीय उच्च न्यायालय तथा नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा भी आवारा एवं असहाय पशुओं के संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरवासियों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग समन्वय के साथ पहल करें तो कांजी हाउस का संचालन दोबारा शुरू कर पशु कल्याण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा भी बेहतर बनाई जा सकती है।


