महासमुंद(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थानों में जब्त 09 क्विंटल 98 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा को नियमानुसार नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 12 लाख 5 हजार 500 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 29 जून 2026 को बालाजी प्लांट, बेलसोंडा में जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।
एनडीपीएस मामलों में जब्त 998.070 किलो गांजा जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में किया गया नष्ट।
नष्टीकरण की प्रक्रिया से पहले जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा जब्त गांजा का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए गांजे को पूरी तरह नष्ट किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महासमुंद की अध्यक्षता में जिला आबकारी अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक), एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी तथा रक्षित निरीक्षक मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार नष्ट किया गया गांजा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 07 प्रकरणों में जब्त किया गया था। इनमें थाना कोमाखान के 3, थाना सांकरा के 3 और थाना बसना का 1 मामला शामिल है। इन प्रकरणों में वर्ष 2025 के 3 तथा वर्ष 2026 के 4 मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में गांजा तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जब्त मादक पदार्थों का समय-समय पर नियमानुसार नष्टीकरण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन्हें दोबारा किसी भी प्रकार से अवैध उपयोग में न लाया जा सके।


