बसना(जीतयादव)। सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम रिखादादर में रविवार को एक खेत में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मेघनाथ लुहूरा, निवासी ग्राम नित्यानंदपुर, थाना झारबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई।
रिखादादर के खेत में मिला ओडिशा निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत का खुलासा।
पुलिस के अनुसार, छातामहुआ चौक से जेराभरंन मार्ग स्थित सुरेश कुमार भोई के खेत में ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान मृतक के बेटे सुशील लुहूरा ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मेघनाथ लुहूरा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वे 25 जून की सुबह करीब 10 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। कई दिनों की तलाश के बाद रविवार को उनका शव पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के रिखादादर गांव के एक खेत में मिला।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


