बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में महुआ एवं देसी प्लेन शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
महुआ और देसी प्लेन शराब जब्त, स्कूटी व मोटरसाइकिल सहित 44 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने सुरगी नाला, परसकोल चौक बंसुला के पास घेराबंदी कर संतोषी ठाकुर (45 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-11, बसना को गिरफ्तार किया। आरोपिया स्कूटी क्रमांक CG 06 HE 1226 में एक सफेद बोरी के भीतर रखे जरकीन में 20 लीटर महुआ शराब बिक्री के लिए ले जा रही थी। पुलिस ने करीब 4,000 रुपये मूल्य की शराब तथा 28,000 रुपये कीमत की स्कूटी जब्त की। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 32,000 रुपये आंका गया।
दूसरी कार्रवाई में अरेकेल जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने रमेश कुमार डडसेना (23 वर्ष), निवासी ग्राम अरेकेल, थाना बसना को पकड़ा। आरोपी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HB 1658 से 31 नग देसी प्लेन (5.580 लीटर) बिक्री के लिए परिवहन कर रहा था। पुलिस ने 2,480 रुपये मूल्य की और 10,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है । इस मामले में कुल जब्त संपत्ति की कीमत 12,480 रुपये बताई गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


