महासमुंद(जीतयादव)। थाना पटेवा पुलिस ने ग्राम तुरेंगा के जांच में खुलासा किया है कि अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने ही युवती की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतका के पिता को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार किया है। महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने रची थी हत्या की साजिश, वारदात में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल भी बरामद।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान पाए गए थे। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोशल मीडिया और आम इश्तहार के माध्यम से पहचान की प्रक्रिया चलाने पर मृतका की पहचान रानी कुमारी सिंह निवासी बागबाहरा के रूप में हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि रानी कुमारी सिंह ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इस बात से उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। पुलिस जांच में आरोप है कि तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और रानी को अपने साथ ले जाकर सुनसान स्थान पर उसकी हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम सूरत (गुजरात) पहुंची। स्थानीय पुलिस की सहायता से मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने कपड़े, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


