बसना(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक और पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत गढ़पटनी के सरपंच लक्ष्मी प्रसाद पटेल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उप सरपंच रोशन पटेल तथा शाला विकास समिति के अध्यक्ष देवकी पटेल शामिल हुए। अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और प्रत्येक अभिभावक को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना चाहिए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की माताएं ममता कैवर्त, सविता भोई एवं अगेश्वरी दास सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया।
विद्यालय के शिक्षक लगन नाग एवं शिक्षिका खीरवंती भोई ने नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विद्यालय की गतिविधियों एवं सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और समुदाय के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सकती है। शाला प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण बना रहा।


