बसना(रूपानंद साव)। शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक श्री संजीव कर्मकार के बसना प्रवास के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की स्थिति और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश सह संयोजक संजीव कर्मकार की मौजूदगी में शिक्षा व्यवस्था सुधार और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने की उठी मांग।
प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोलहे तथा विकासखंड संसाधन समन्वयक श्री अनिल सिंह साव को ज्ञापन सौंपकर शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अधोसंरचना विकास, शिक्षक उपलब्धता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर श्री संजीव कर्मकार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने, विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्री नरेंद्र यादव, श्री अमृत चौधरी, श्री प्रदीप दास राजन, श्री नवीन भट्ट, मोहम्मद इकबाल एवं श्री नीरज अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं छात्र हितैषी बनाने के लिए सार्थक चर्चा हुई। इसकी जानकारी रूपानंद साव ने दी।


