बागबाहरा। जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बागबाहरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए घासीनगर क्षेत्र से एक व्यक्ति को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
अवैध महुआ शराब बेचने पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर युवक को भेजा गया जेल।
पुलिस को सूचना मिली थी कि घासीनगर पानी टंकी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी आनंद राम पुराना (36 वर्ष), निवासी घासीनगर बागबाहरा, के कब्जे से 07 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


