महासमुंद(जीतयादव)। गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के भवानीपटना से मध्यप्रदेश के शिवपुरी ले जाई जा रही गांजे की खेप को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
महिला और बच्चों के साथ कार में कर रहे थे तस्करी, 17.5 किलो गांजा और वाहन जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा इंडिका कार (MP 04 CB 0848) में सवार कुछ लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम टेमरी जांच नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 17.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिनेश गिरी गोस्वामी (35 वर्ष), निवासी जाखनोद, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) और ललिता जाटव (26 वर्ष), निवासी धुवानी, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा भवानीपटना (ओडिशा) से खरीदकर शिवपुरी (मध्यप्रदेश) में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए महिला और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे थे, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। हालांकि, सटीक सूचना और सतर्कता के चलते पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा परिवहन में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 9 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(b) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 103 प्रकरणों में 7,225.351 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 36 करोड़ रुपये से अधिक है। इस दौरान 252 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


