बसना(जीतयादव)। बसना विकासखंड अंतर्गत बिलखंड एवं आसपास के गांवों में Jio नेटवर्क की खराब स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। लगातार नेटवर्क बाधित होने और इंटरनेट सेवा प्रभावित रहने से ग्रामीणों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
Jio नेटवर्क के कॉल ड्रॉप और धीमे इंटरनेट से बढ़ी मुश्किलें, विद्यार्थियों व व्यापारियों पर सबसे ज्यादा असर।
ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर मोबाइल में Jio का नेटवर्क सिग्नल नहीं मिल रहा है, जबकि जहां सिग्नल उपलब्ध है वहां इंटरनेट की गति बेहद धीमी बनी हुई है। इसका सबसे अधिक असर ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों, डिजिटल भुगतान पर निर्भर व्यापारियों और विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार फोन कॉल बीच में ही कट जाती है या कॉल लगने में काफी समय लग जाता है। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से शासकीय योजनाओं से जुड़े ऑनलाइन कार्य, बैंकिंग सेवाएं तथा अन्य जरूरी काम भी बाधित हो रहे हैं। इससे लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने और परिजनों व परिचितों से संपर्क बनाए रखने में कठिनाई हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राहक सेवा केंद्र को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लगातार बनी हुई इस समस्या से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने JIo कंपनी से मांग की है कि बिलखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में Jio नेटवर्क टावरों और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिल सके।


