बसना(जीतयादव)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 01 स्थित एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
घर में चल रहा था अवैध शराब बनाने का कारोबार, 27 ड्रम लाहन नष्ट; महिला आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसना के वार्ड नंबर 01 स्थित एक घर में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान घर के आंगन में बड़ी मात्रा में महुआ शराब रखी मिली। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले बर्तन, गैस सिलेंडर और गैस स्टोव भी बरामद किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को मौके पर 27 बड़े प्लास्टिक ड्रमों में भरा महुआ लाहन भी मिला। पुलिस के अनुसार इन ड्रमों से आने वाले दिनों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब तैयार कर बाजार में खपाने की योजना थी। कार्रवाई के दौरान पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी सान्ताबाई मधुकर (40 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 01, बसना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 200 लीटर महुआ शराब, दो एलपीजी सिलेंडर, एक गैस स्टोव तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।



