बसना(जीतयादव)। शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे गांवों तक पहुंच रहा है और लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार के तहत ग्राम सिंघनपुर में लगाए गए समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में प्रशासन पहुंचा गांव, हितग्राहियों को मिला समस्याओं का समाधान।
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चलाए जा रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत बसना विकासखंड के सिंघनपुर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जिले और विकासखंड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और अन्य हितलाभ भी वितरित किए गए।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब अधिकारी स्वयं गांव पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है।
कार्यक्रम में बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू, जनपद सीईओ पियूष ठाकुर, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में किसान, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं और ग्रामीणजन भी शिविर में शामिल हुए।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित यह समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनकर उभरा है। प्रशासन की इस पहल से लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित हो रहा है।



