महासमुंद। खरीफ सीजन से पहले खाद, बीज और सिंचाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए किसान कांग्रेस सड़क पर उतर आई। किसानों के अधिकारों और मांगों को लेकर आयोजित रैली में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए तथा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
खाद, बीज और बिजली संकट को लेकर किसान कांग्रेस ने उठाई आवाज, मोक्ष कुमार प्रधान बोले— किसानों की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं।
प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर जिला किसान कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू के नेतृत्व में रैली निकालकर किसानों की दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
आंदोलन में बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान आज खाद, बीज, सिंचाई और बढ़ती कृषि लागत जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ किसान खेतों की तैयारी में जुट चुके हैं, लेकिन सहकारी समितियों और बाजारों में खाद की उपलब्धता को लेकर भारी चिंता बनी हुई है। यदि समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो खेती और उत्पादन दोनों प्रभावित होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किसानों के हितों की बात करने वाली सरकार आज किसानों को उनकी मूलभूत जरूरतों के लिए भी भटकने पर मजबूर कर रही है। किसान घंटों कतारों में खड़े रहने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में खाद प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, समय पर बीज उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में मधुसूदन साहू, रवि कश्यप, चंपकलाल चौहान, भूषण पटेल, महिपाल सिंह जटाल, मनोज प्रधान, प्रशांत पंडा, राहुल जांगड़े और निर्मल प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसानों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा को लेकर आयोजित इस रैली ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों की समस्याओं और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा किसानों की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा।



