बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 33.050 किलोग्राम गांजा, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 23.67 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
33 किलो गांजा, बोलेरो और मोबाइल जब्त; ओडिशा व जांजगीर से जुड़े 4 आरोपी गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को पलसापाली बॉर्डर बैरियर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा से आ रही एक बोलेरो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान वाहन से 33.050 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 16.52 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी धीरज कहार स्वयं मादक पदार्थ की खेती करता था और इसे ओडिशा के गोपीनाथ यादव के माध्यम से सप्लाई किया जाता था। वहीं छत्तीसगढ़ के जांजगीर निवासी मनीष डहरे इस गांजा की खेप मंगवाता था।
पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित कर ओडिशा और जांजगीर में एक साथ दबिश दी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांजा उत्पादन से लेकर सप्लाई, परिवहन और खरीदार तक, नेटवर्क की हर कड़ी पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



