बसना(जीतयादव)। थाना सांकरा पुलिस ने Online सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों सहित गिरोह के मुख्य संचालक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सट्टा नेटवर्क के तार नागपुर (महाराष्ट्र) से जुड़े पाए गए हैं।
सांकरा क्षेत्र में Online सट्टा गिरोह का खुलासा। नागपुर से संचालित नेटवर्क के 3 आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भगतदेवरी में नरेश निषाद की दुकान से आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान रुपये-पैसों का ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर जांच की। पूछताछ में नरेश निषाद और मनोहर मांझी ने स्वीकार किया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे के संपर्क में रहकर ऑनलाइन सट्टा खेलते और खिलवाते थे।
जांच में सामने आया कि हार-जीत का भुगतान स्थानीय स्तर पर नकद और PhonePe जैसे Online माध्यमों से किया जाता था। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में Online सट्टे से संबंधित चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट और हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के दौरान कई संदिग्ध नंबरों और स्थानीय एजेंटों के सुराग भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस Online नेटवर्क से जुड़े अन्य खाईवाल और सटोरिए भी सक्रिय हैं। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट, मोबाइल लोकेशन और वित्तीय लेन-देन की जांच कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।



