बसना(जीतयादव)। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय बसना में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विद्यालय में विद्यार्थियों का प्रवेश 30 जून 2026 तक पूर्ण किया जाएगा।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय बसना में 30 जून तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया।
इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मिशन समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि नए सत्र में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई समय पर शुरू करने के लिए प्रवेश प्रक्रिया को तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
निर्देशों के अनुसार कक्षा 6वीं और 9वीं के लिए कैचमेंट क्षेत्र निर्धारण, विद्यार्थियों की सूची तैयार करने और संबंधित विद्यालयों को सूची उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाएगी। वहीं कक्षा पहली, छठवीं, नवमीं और ग्यारहवीं की प्रवेश सूची जारी करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है।
विद्यालयों की शिक्षण समय-सारणी 16 जून तक जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नए सत्र की पढ़ाई व्यवस्थित रूप से शुरू हो सके। विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय की रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों को अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यमों में अध्ययन का अवसर मिलेगा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शासन के नियमों के अनुरूप संचालित की जाएगी। प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को अंकसूची, आधार कार्ड, स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी), जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि ड्रॉपआउट, आर्थिक रूप से कमजोर और किसी कारणवश पढ़ाई से वंचित विद्यार्थियों को प्राथमिकता के साथ प्रवेश दिया जाए। किसी भी पात्र विद्यार्थी को प्रवेश से वंचित नहीं रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय बसना में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और सहशैक्षणिक गतिविधियों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय प्रबंधन समिति और शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।



