महासमुंद(जीतयादव)। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मामूली विवाद के चलते युवक पर मुर्गा काटने वाले धारदार चापड़ा से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया है।
मामूली विवाद में युवक पर हत्या के प्रयास का आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित टकेश्वर साहू पिता भेखलाल साहू उम्र 22 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 28 मौहारीभाठा, महासमुन्द ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 मई 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी शुभम निषाद पिता स्व. संतोष निषाद उम्र 23 वर्ष निवासी मौहारीभाठा ने बच्चे को डांटने-धमकाने की बात को लेकर विवाद करते हुए हत्या के प्रयास से उस पर धारदार चापड़ा से हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित के सिर, दोनों हाथ, उंगलियों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 309/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 24 मई 2026 को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शुभम निषाद को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़ा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



