बसना(जीतयादव)।थाना सांकरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा महज 48 घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई पूरी रकम 2 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद कर ली है।
घर से चोरी हुए 2.30 लाख रुपये नगद शत-प्रतिशत बरामद, मुखबिर और साइबर टीम की मदद से मिली कामयाबी।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को प्रार्थी देवेंद्र जोशी ने थाना सांकरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर में रखी पेटी से 2 लाख 30 हजार रुपये चोरी कर ले गया। यह रकम अटल आवास योजना, केसीसी लोन एवं धान बिक्री से प्राप्त हुई थी, जिसे घर निर्माण के लिए सुरक्षित रखा गया था।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और साइबर तकनीक की मदद से संदेहियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सावित्रीपुर निवासी शिशुपाल धुवल पर संदेह हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी शुरुआत में गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



