रायगढ़(जीतयादव)।रायगढ़ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 58 लीटर अवैध महुआ और देशी शराब जब्त की है। तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
पुलिस ने ऑपरेशन “आघात” के तहत कार्रवाई करते हुए 58 लीटर अवैध शराब जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छाल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम हाटी बाजार पारा में दबिश देकर आरोपी चैनसिंह राठिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग जरीकेनों में भरी 35 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं पुसौर पुलिस ने तेतला रोड पर घेराबंदी कर स्कूटी सवार आरोपी रवि कर्ष को पकड़ा। उसके पास से 50 पौवा देशी प्लेन शराब, करीब 9 लीटर शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
इसी तरह खरसिया पुलिस ने मंगल बाजार रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपी भोलू चौहान को 14 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



