रायगढ़(जीतयादव)। रायगढ़ पुलिस ने Online क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत में सक्रिय एक बड़े सट्टा सिंडिकेट का खुलासा किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने गोवा में छापेमार कार्रवाई कर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती, नागपुर समेत कई शहरों तक फैला हुआ था और करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन से जुड़ा हुआ है।
करोड़ों के हवाला लेनदेन और Online बेटिंग नेटवर्क का खुलासा।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज Online क्रिकेट सट्टा मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारी मिली थी। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी गोवा के कैंडोलिम बीच क्षेत्र में किराए के विला से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने गोवा में दबिश देकर अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को गिरफ्तार किया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों पर तीन अलग-अलग तरीकों से सट्टा संचालित करते थे। इसमें “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए क्रिकेट सेशन का भाव लेना, APK बेस्ड ऐप के माध्यम से लाइव मैच से पहले अपडेट हासिल करना और महादेव सट्टा की तर्ज पर बेटिंग ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाना शामिल था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी “मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े हुए थे और Online क्रिकेट सट्टा, मटका तथा डिजिटल बेटिंग आईडी के जरिए नेटवर्क चला रहे थे। जांच में करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन के संकेत भी मिले हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर साझा कर रकम ट्रांसफर करने के सबूत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित मित्तल पर पहले से रायगढ़ और खरसिया में Online सट्टा के मामले दर्ज हैं, जबकि मोहित सोमानी के खिलाफ रायपुर में कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक चैनल की जांच कर रही है।



