रायगढ़(जीतयादव)। खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद करने में खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए चोरी की गई कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक है, जिसने डुप्लीकेट चाबी बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार चोरी की थी।
डुप्लीकेट चाबी बनाकर चोरी की थी खरसिया में कार, नंबर प्लेट बदलकर बेचने की थी तैयारी।
पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को संदीप कुमार ने खरसिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में वाहन को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल स्टाफ से पूछताछ और होटल में जमा पहचान दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को आरोपी मोहम्मद आमिर के बारे में जानकारी मिली। तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के जरिए पता चला कि आरोपी दिल्ली में मौजूद है।
इसी दौरान वाहन मालिक विजय ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में दुर्घटना के बाद कार की मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से कराई गई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और लगातार तीन दिनों तक तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी मोहम्मद आमिर पिता मुस्ताक हुसैन (39 वर्ष), निवासी शाहदरा दिल्ली ने स्वीकार किया कि उसने पहले ही कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली थी। वाहन के जीपीएस सिस्टम की जानकारी होने के कारण वह योजनाबद्ध तरीके से खरसिया पहुंचा और कार चोरी कर ली। आरोपी ने कार की असली नंबर प्लेट हटाकर दिल्ली नंबर प्लेट लगा दी थी और उसे इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से करीब 6 लाख रुपए कीमत की चोरी गई वेन्यू कार बरामद कर ली। आरोपी वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी में था। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



