बसना(जीतयादव)। बसना नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यूथ विंग जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल के नेतृत्व में एसडीएम बसना को ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की।
पेयजल समस्या के समाधान की मांग, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।
ज्ञापन सौंपते हुए खिरोद पटेल ने कहा कि ग्राम नरसिंहपुर में पेयजल की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा और तालाबों में भी शुद्ध जल उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव द्वारा जल आपूर्ति को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
वहीं बसना विधानसभा प्रभारी भुनेश्वर साहू ने कहा कि नगर सहित कई गांवों और वार्डों में भीषण जल संकट के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार गिरते भूजल स्तर से नल-जल योजनाएं बंद हो चुकी हैं और कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।
सह प्रभारी जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। दूषित पानी पीने की मजबूरी से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन समस्या के समाधान में गंभीर नजर नहीं आ रहा।
जल संकट को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन भी किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस दौरान मिलासिनी सिंह, हेमसागर प्रधान, गोपाल दास वैष्णव, माधव सोना, जगतु बंजारा, संजय सोना, सुदीन सोना, सुखचैन सोना, जितेंद्र कुमार, जरीन खान, स्वर्णालता नंद, अंजना नंद, माधुरी नंद, सीतू सोना, बसंती नंद, महिमानंद, सुष्मिता सोना, मुस्कान नंद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



