बसना (जीत यादव)। हरि कीर्तन के माध्यम से बसना विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और धार्मिक आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने भीषण गर्मी के बावजूद लगातार पांच गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई।
पथरला, बरगांव, मोहका, बिरसिंग़पाली में हरि कीर्तन कार्यक्रमों में शामिल होकर की पूजा-अर्चना।
जानकारी के अनुसार, पथरला, बसना, बरगांव, मोहका और बिरसिंग़पाली में आयोजित हरि कीर्तन कार्यक्रमों में शामिल होकर मोक्ष कुमार प्रधान ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भक्ति समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम है और ऐसे आयोजन आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ाते हैं।
कार्यक्रमों में गांव-गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हरि नाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने मोक्ष कुमार प्रधान का आत्मीय स्वागत किया और उनके साथ भक्ति रस में डूबकर कीर्तन का आनंद लिया।
भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से शाम तक अलग-अलग गांवों में उनकी सक्रिय मौजूदगी लोगों के बीच चर्चा का विषय रही। ग्रामीणों ने कहा कि वे सिर्फ जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि हर सुख-दुख में साथ देने वाले परिवार के सदस्य की तरह हैं।
इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश फैलाते रहें। साथ ही क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने की बात कही।



