महासमुंद(जीतयादव)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 47.300 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
ओडिशा से मुंगेली गांजा सप्लाई की थी तैयारी, 4 आरोपी गिरफ्तार, 59 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से एक ट्रक में मादक पदार्थ छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के सीट के नीचे बने चेम्बर में छिपाकर रखी गई तीन बोरियों से कुल 47.300 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 23 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में ट्रक चालक मोहम्मद मिराज और उसके सहयोगी रोहित पोंड (दोनों निवासी बलांगीर, ओडिशा) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि मादक पदार्थ मुंगेली जिले के दीपक साहू को सप्लाई किया जाना था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक, डिजायर कार, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 59 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस द्वारा पूरे सप्लाई चैन की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।



