रायपुर(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने भीषण गर्मी और लू को देखते हुए प्रदेश के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की तिथि में बदलाव किया है। पहले जारी आदेश के अनुसार 1 मई से 15 जून 2026 तक छुट्टियां घोषित थीं, लेकिन अब इसमें संशोधन करते हुए अवकाश 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक घोषित कर दिया गया है।
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सरकार का फैसला, 15 जून तक रहेंगे स्कूल बंद।
यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और लू के चलते बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने यह अहम कदम उठाया है।
![]()
आदेश के अनुसार यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा और वे पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया है। सरकार के इस फैसले से विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि भीषण गर्मी के बीच स्कूल जाना बच्चों के लिए मुश्किल हो रहा था।



