बसना(जीतयादव)।मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10.100 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 10 किलो गांजा के साथ 5.60 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक ओडिशा की ओर से बसना क्षेत्र में गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन पल्सर NS 125 (क्रमांक CG10 BV 9853) को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद प्लास्टिक बोरी में गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई में पुलिस ने भोजराज उर्फ रामू ठाकुर (20 वर्ष) एवं आकाश उर्फ अक्कु ठाकुर (20 वर्ष) निवासी तखतपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गांजा की तस्करी करते पाए गए।पुलिस ने आरोपियों के पास से 10.100 किलोग्राम मादक पदार्थ (कीमत 5,00,000 रुपये), एक मोटरसाइकिल (कीमत 50,000 रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10,000 रुपये) जब्त किए हैं। इस तरह कुल 5 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में 71 प्रकरणों में 4716.842 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त कर 186 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



