महासमुंद(जीतयादव)।अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त गांजे का बालाजी प्लांट में नष्टीकरण किया गया। 11 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में यह कार्रवाई शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई।
बालाजी प्लांट में 5 करोड़ से अधिक कीमत के गांजे का नष्टीकरण किया गया, ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की बड़ी कार्रवाई।
जानकारी के अनुसार, थाना कोमाखान में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग प्रकरणों में जब्त कुल 996.660 किलोग्राम (09 क्विंटल 96 किलो 660 ग्राम) गांजे को नष्ट किया गया। इस अवैध मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

नष्टीकरण की प्रक्रिया बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में पूरी की गई, जहां पहले गांजे का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके बाद जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में नियमानुसार इसे नष्ट किया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक महासमुंद (कमेटी अध्यक्ष), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संबंधित तीनों प्रकरणों में वर्ष 2025 का एक और वर्ष 2026 के दो मामले शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।



