बसना(जीतयादव)। ग्राम पंचायत अरेकेल में सामाजिक कार्यक्रम के नाम पर जमीन कब्जा और तालाब से अवैध मुरुम खनन का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा बिना किसी वैध अनुमति के सार्वजनिक भूमि का उपयोग कर कब्जा किया जा रहा है।
अरेकेल में सामाजिक कार्यक्रम की आड़ में गतिविधियों का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग।
ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित जमीन पर “सामाजिक कार्यक्रम” की आड़ में गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जबकि इसके लिए प्रशासन से कोई स्वीकृति नहीं ली गई है। इससे गांव की सार्वजनिक संपत्ति प्रभावित हो रही है और अन्य ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी बीच एक और गंभीर आरोप सामने आया है कि गांव के तालाब से अवैध रूप से मुरुम (मिट्टी/खनिज) निकाला जा रहा है। अरेकेल के ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध खनन से तालाब की संरचना को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो गांव के प्राकृतिक संसाधनों को भारी नुकसान हो सकता है।

मौके पर पूर्व सरपंच श्री शिव कुमार डड़सेना एवं उपसरपंच श्री दुपेश देवांगन भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



