महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में 10 महीने से फरार चल रहे अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को ओडिशा के सुनाबेड़ा से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
190 किलो गांजा तस्करी मामले में महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
पुलिस के अनुसार मामला 22 जुलाई 2025 का है। उस दौरान आरोपी कार (OR07Z0093) में करीब 190 किलोग्राम गांजा लेकर जा रहा था। थाना खल्लारी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी कार और उसमें रखा गांजा छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने मौके से 1 क्विंटल 90 किलोग्राम गांजा जब्त किया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 लाख 49 हजार 250 रुपये बताई गई। मामले में थाना खल्लारी में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) और BNS की धाराओं 281, 125(A), 125(B) तथा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर अपनी पहचान छिपाते हुए पुलिस को चकमा दे रहा था। महासमुंद पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर ओडिशा के सुनाबेड़ा में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी का नाम अमूल्य कुमार बिशोई (48 वर्ष), पिता सनातन बिशोई, निवासी सुनाबेड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया गया है। पुलिस ने 7 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना खल्लारी और साइबर थाना की टीम की अहम भूमिका रही।



