महासमुंद(जीतयादव)। बोरियाझर मोड़ के पास नेशनल हाईवे 353 पर शनिवार शाम दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार एक-एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे।
बोरियाझर मोड़ के पास नेशनल हाईवे 353 पर हुआ दो बाइकों में भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनांदगांव निवासी नासिर हुसैन (40) और रॉबिन सायमन (20) अपनी बाइक (सीजी 08 बीडी 5080) से खल्लारी माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। दोनों श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे बोरियाझर मोड़ के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक (सीजी 04 पीजेड 3923) से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में नासिर हुसैन की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि रॉबिन सायमन गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार मंदिर हसौद निवासी श्रवण धीवर (21) की भी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद राहुल धीवर (18) गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



