महासमुंद(जीतयादव)। पुलिस द्वारा ऑपरेशन ऑपरेशन निश्चय के तहत पांच जिलों में विशेष अभियान चलाकर आबकारी, नारकोटिक्स, आर्म्स एक्ट और वारंट तामील से संबंधित व्यापक कार्रवाई की गई।दो दिनों तक चले इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान कई जगहों पर दबिश देकर शराब, मादक पदार्थ और हथियार भी जब्त किए गए।
विशेष अभियान ऑपरेशन ‘निश्चय’ में शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कई वारंट भी तामील।
यह विशेष अभियान 4 और 5 अप्रैल 2026 को रायपुर रेंज के जिलों बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण में चलाया गया। पुलिस टीमों ने अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की।

ऑपरेशन ‘निश्चय’ अभियान के तहत कुल 95 पुलिस टीमों द्वारा 384 रेड, दबिश और चेकिंग की गई। आबकारी एक्ट के तहत 126 प्रकरणों में 126 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं नारकोटिक्स/एनडीपीएस एक्ट के 22 प्रकरणों में 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 नग टेबलेट जब्त किए गए।
इसके अलावा आर्म्स एक्ट के 6 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 पिस्टल भी जब्त की गईं। विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 174 मामलों में कार्रवाई की गई। वारंट तामील के तहत 31 गिरफ्तारी वारंट, 14 स्थायी वारंट और 1 जमानती वारंट, कुल 46 वारंट तामील किए गए।

ऑपरेशन ‘निश्चय’ अभियान के तहत महासमुंद जिले में 38 टीमों द्वारा 115 स्थानों पर रेड की गई। यहां आबकारी एक्ट के 35 प्रकरणों में 35 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर 357.020 लीटर शराब जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट के 2 मामलों में 6 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.500 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। साथ ही आर्म्स एक्ट के 1 मामले में कार्रवाई की गई और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 30 प्रकरणों में 41 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा 17 गिरफ्तारी वारंट और 3 स्थायी वारंट भी तामील किए गए।



