बसना(जीतयादव)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठित डॉ. भीमराव अम्बेडकर नेशनल अवार्ड से बसना क्षेत्र के डिजेन्द्र कुर्रे को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें सामाजिक सेवा, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और साहित्य में नव सृजन के लिए प्रदान किया गया।
शिक्षा और साहित्य में योगदान के लिए शांति फाउंडेशन गोण्डा ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर नेशनल अवार्ड से किया सम्मानित।
यह सम्मान शांति फाउंडेशन गोण्डा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय साहित्यकार सम्मेलन में प्रदान किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन के प्रमुख सुनील आनंद ने बताया कि आगामी अम्बेडकर जयंती से पहले देशभर के शिक्षक, साहित्यकार और समाजसेवियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान समारोह 14 अप्रैल तक जारी रहेगा और इसमें अभी भी प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं।

इस आयोजन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, असम, जम्मू-कश्मीर, गोवा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।राष्ट्रीय स्तर का यह सम्मान मिलने पर डिजेन्द्र कुर्रे के माता-पिता, गुरु, शिक्षक, सहपाठी और समाज के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




