महासमुंद(जीतयादव)। अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा महासमुंद, बागबाहरा, कोमाखान, सरायपाली और पिथौरा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के 8 ठिकानों पर दबिश दी।
8 ठिकानों पर दबिश, 9 आरोपी गिरफ्तार; 15 दिसंबर से अब तक 11 लाख से अधिक की अवैध शराब जब्त।
इस कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की है।पुलिस के अनुसार अभियान के तहत 15 दिसंबर 2025 से अब तक जिले में 4382 प्रकरण दर्ज कर 438 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान करीब 11 लाख 39 हजार 105 रुपये कीमत की 4936.520 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
कार्रवाई के दौरान थाना बागबाहरा पुलिस ने रूपलाल यादव और हीरालाल नेताम को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध देशी शराब और एक स्कूटी जब्त की। थाना महासमुंद क्षेत्र में तीन अलग-अलग प्रकरणों में तीन आरोपियों के कब्जे से 129 पौवा देशी शराब बरामद की गई।

इसी तरह कोमाखान पुलिस ने एक आरोपी के पास से 7 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और बिक्री की रकम जब्त की। सरायपाली पुलिस ने ढाबा संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महुआ शराब और गोवा शराब बरामद की, वहीं ग्राम बालसी में 30 किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।

पिथौरा थाना क्षेत्र में भी दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों के कब्जे से देशी प्लेन शराब जब्त की गई और आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




