बसना(जीतयादव)।जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस द्वारा AI तकनीक की मदद से ई-चालान कार्रवाई शुरू की गई है। 8 मार्च से 20 मार्च के बीच बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 555 दोपहिया वाहन चालकों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई है।
AI तकनीक से गलत नंबर प्लेट वाले 13 वाहन भी ट्रेस, अब हर नियम उल्लंघन पर अलग चालान।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर में लगे कैमरों के जरिए AI सिस्टम हेलमेट उल्लंघन को ट्रेस कर रहा है। पहले एक वाहन चालक के खिलाफ महीने में तीन बार हेलमेट उल्लंघन होने पर केवल एक बार ई-चालान किया जाता था, लेकिन अब हर बार नियम तोड़ने पर अलग-अलग चालान किया जाएगा।
इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोग गलत या फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। AI सिस्टम ने इस महीने ऐसे 13 वाहनों को ट्रेस किया है, जिनमें नंबर प्लेट में गड़बड़ी पाई गई।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जानबूझकर गलत नंबर प्लेट का उपयोग करने या फर्जी नंबर प्लेट लगाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और यातायात नियमों का पालन कर पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।



