बसना(जीतयादव)।अवैध मादक पदार्थों (गांजा) की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.070 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 3 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई 4.070 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 GX 4909) में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार गडतिया (32 वर्ष) निवासी पझरापाली थाना बसना और पीछे बैठे युवक ने अपना नाम संजय विशाल (22 वर्ष) निवासी चारभांठा थाना सांकरा जिला महासमुंद बताया।
पुलिस ने संदेह होने पर उनके पास रखे सफेद झोले की तलाशी ली, जिसमें खाकी टेप से लिपटे चार पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में 4.070 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख 83 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 52 मामलों में 3076.460 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कीमत करीब 15 करोड़ 33 लाख 4 हजार रुपये है। इन मामलों में 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 40 छत्तीसगढ़ और 99 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।



