रायपुर(जीतयादव)।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं शिविर में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा परिसर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन लोगों में नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारियों का समय रहते पता चल जाता है और उनका सही उपचार संभव हो पाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विधानसभा परिसर में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल जनस्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में भी मजबूत कदम है।



