रायपुर(जीतयादव)। मोबाइल फोन गुम या चोरी होना अक्सर लोग एक सामान्य घटना समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह छोटी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। पुलिस का कहना है कि गुम हुआ मोबाइल किसी भी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल किया जा सकता है, इसलिए ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देना जरूरी है।
रायपुर पुलिस ने ढाई महीने में 60 लाख रुपये के 300 से अधिक मोबाइल ट्रेस कर लौटाए।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत कार्यरत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने पिछले ढाई महीनों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस दौरान यूनिट ने करीब 60 लाख रुपये कीमत के 300 से अधिक मोबाइल फोन देश के विभिन्न राज्यों से ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई मामलों में मोबाइल चोरी होने के बाद अपराधी उसका उपयोग साइबर अपराध या अन्य अवैध गतिविधियों में कर सकते हैं। इसलिए गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम हो जाता है या चोरी हो जाता है तो वे तुरंत CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर इसकी जानकारी दर्ज करें या अपने नजदीकी थाने में संपर्क कर रिपोर्ट दर्ज कराएं। इससे को ब्लॉक करने और उसे ट्रेस करने में मदद मिलती है।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी संसाधनों और साइबर टीम की मदद से गुम या चोरी को ट्रैक करना अब पहले से अधिक आसान हो गया है। ऐसे मामलों में समय पर दी गई सूचना से बरामदगी की संभावना भी बढ़ जाती है।


