पिरदा(जीतयादव)।बसना विधानसभा के पिरदा मंडल में ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस’ के पावन उपलक्ष्य में पिरदा के सरस्वती शिशु मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने संगठन की शक्ति और नारी एकजुटता का नया परिचय दिया। इस भव्य आयोजन की सफलता के पीछे लोकप्रिय सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी जी एवं विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल जी का विशेष मार्गदर्शन और आत्मिक सहयोग रहा।
पिरदा मंडल में महिला दिवस पर नारी एकजुटता और संगठन का प्रदर्शन।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता और मार्गदर्शक प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता चौहान, जिला अध्यक्ष श्रीमती स्मिता चंद्राकर और जिला महामंत्री श्रीमती तरेश्वरी नायक की गरिमामयी उपस्थिति ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने संगठन की शक्ति और एकता का परिचय देते हुए पिरदा मंडल की धरती पर नारी शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया।
मंडल अध्यक्ष श्री अभिमन्यु प्रधान और महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती विमला बेहरा के अथक प्रयासों से कार्यक्रम का आयोजन शानदार ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान विशेष रूप से ‘कमल सखियों’ का सम्मान किया गया, जो संगठन के बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनका यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत बल्कि पूरे महिला संगठन की शक्ति और समर्पण का प्रतीक माना गया।
कार्यक्रम में महिला शक्ति के प्रति जागरूकता, संगठन की दृढ़ता और नारी सशक्तिकरण के संदेश को प्रमुखता दी गई। उपस्थित बहनों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और जोश के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के उद्देश्यों को सशक्त करने और नारी शक्ति के परचम को ऊँचा करने का संदेश भी दिया गया।
पिरदा मंडल का यह आयोजन न केवल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि संगठन में समर्पण, एकता और नेतृत्व की नई मिसाल पेश की। सभी प्रतिभागियों ने इस अवसर को यादगार बनाने में सक्रिय योगदान दिया और कार्यक्रम को पिरदा मंडल की समृद्ध परंपरा में एक नया अध्याय जोड़ने वाला बताया।



