बसना(जीतयादव)। प्रदेश में बढ़ती अफीम की अवैध खेती को लेकर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अफीम की अवैध खेती लगातार बढ़ रही है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
अफीम की अवैध खेती से युवाओं का भविष्य खतरे में, गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि मीडिया में मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक दो स्थानों पर अवैध रूप से अफीम की खेती सामने आ चुकी है। यह स्थिति समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता कारोबार समाज को खोखला कर रहा है। अवैध अफीम की खेती और नशे के व्यापार पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी गृह विभाग की होती है, लेकिन वर्तमान हालात यह दर्शाते हैं कि इस मामले में सरकार और गृह विभाग दोनों ही विफल रहे हैं।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यदि सरकार इस गंभीर समस्या पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है, तो प्रदेश के गृह मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इसे जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि प्रदेश के बच्चों और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।




