बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

ANTF और बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नशीली विसेरेक्स कफ सिरप, नाइट्रोजेपम टैबलेट और पेंटाजोसिन इंजेक्शन बरामद।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध नशीली दवाइयों का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संतोष पोर्ते (31 वर्ष) निवासी भूलका, सरायपाली थाना बसना, जिला महासमुंद को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विसेरेक्स कफ सिरप 7 नग (100-100 एमएल), नाइट्रोजेपम टैबलेट 30 पत्ता (कुल 300 टैबलेट) और पेंटाजोसिन लेक्टेट इंजेक्शन 69 नग बरामद किए गए। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त होंडा हार्नेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HA 2710 भी जब्त की गई।

जब्त की गई दवाइयों और वाहन की कुल कीमत 77,757.98 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



