पिथौरा(जीतयादव)।जिला महासमुंद में हाल ही में हुए लूटकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना पिथौरा और थाना सांकरा क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पिथौरा और सांकरा क्षेत्र की लूटकांड घटनाओं में शामिल था आरोपी, चाकू और कपड़े जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 की रात ग्राम टेका स्थित एचपी फ्यूल्स पेट्रोल पंप में प्रार्थी हेमंत साहू (25 वर्ष) निवासी डुमरपाली थाना पिथौरा से तीन अज्ञात युवक पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे और जबरदस्ती नकदी करीब 36,500 रुपये तथा एक पुराना रेडमी मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये) लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना पिथौरा में 9 मार्च 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 धारा 309(4) व 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसी प्रकार थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहरीनडोंगेरी में भी तीन अज्ञात आरोपियों द्वारा सिलेश्वर सहिस से 500 रुपये नकद और दो पुराने मोबाइल फोन (लगभग 18,000 रुपये) लूटने का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 49/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
![]()
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी कर अलग-अलग टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने लूटकांड के मुख्य आरोपी मुकेश यादव उर्फ मुंडा (19 वर्ष) निवासी संजय नगर, सरायपाली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। लूटकांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले के अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरी कार्रवाई में थाना पिथौरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।




