बिलासपुर(जीतयादव)। होली से पहले राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए धान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया। मुखयमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होकर 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
बिल्हा में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बटन दबाकर राशि सीधे किसानों के खातों में की अंतरित।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस अवसर को “सुशासन वाली होली” बताते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन अन्नदाताओं के सम्मान का दिन है। किसानों की समृद्धि ही प्रदेश की समृद्धि है और सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने हितग्राही किसानों से आत्मीय संवाद कर उनके अनुभव भी सुने। किसानों ने समय पर अंतर राशि मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे खेती-किसानी के कार्यों में सहूलियत मिलेगी और परिवार की आवश्यक जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।

सरकार का कहना है कि धान खरीदी की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। त्योहार के पहले यह राशि मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसान हित सर्वोपरि हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से अन्नदाताओं को सशक्त किया जाता रहेगा।



