बसना(जीतयादव)।संकुल केंद्र जमदरहा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत नेवता भोज का आयोजन किया गया। यह आयोजन संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे की स्वप्रेरणा से संपन्न हुआ। विद्यालय में यह लगातार 18वीं बार नेवता भोज का आयोजन रहा, जिससे विद्यार्थियों और ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
चावल-दाल-अंडा सब्जी के साथ विद्यार्थियों को परोसा गया पौष्टिक नेवता भोज।
कार्यक्रम बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक अनिल सिंह साव, एबीईओ लोकेश्वर सिंह कंवर तथा संकुल नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। प्रधान पाठक गफ्फार खान एवं सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

नेवता भोज में विद्यार्थियों को चावल, दाल, अंडा और सब्जी परोसी गई। पौष्टिक भोजन पाकर बच्चे बेहद खुश नजर आए। विशिष्ट अतिथि नोनीबाई चौहान (सरपंच, ग्राम पंचायत बी बनडबरी) ने कहा कि इस प्रकार का पूर्ण नेवता भोज आयोजन सराहनीय है और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करता है।

प्रधान पाठक गफ्फार खान ने बताया कि नेवता भोज का उद्देश्य मध्यान्ह भोजन को अधिक पौष्टिक बनाना और समानता की भावना को बढ़ावा देना है। मुख्य अतिथि डिजेंद्र कुर्रे ने कहा कि विद्यालय में नियमित नेवता भोज से प्रेरित होकर उन्होंने भी बच्चों के लिए यह आयोजन किया, जिससे उन्हें आत्मसंतोष मिला।
कार्यक्रम के दौरान सप्ताह भर की शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। शाला प्रबंधन समिति ने सरपंच नोनीबाई चौहान की अगुवाई में मुख्य अतिथि डिजेंद्र कुर्रे को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।अंत में प्रधान पाठक गफ्फार खान ने सभी अतिथियों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



