बसना(रूपानंद साव)। बसना शहर से गांवों को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बनी कई सड़कों की हालत इन दिनों खराब हो चुकी है। परसकोल चौक से बरोली-आमापाली-कुदारीबाहरा मार्ग तथा गढ़फूलझर से सालहेझरिया (ओडिशा) पहुंच मार्ग पर साइड सोल्डर उखड़ जाने और सड़क किनारे धंसाव होने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर धंसा साइड सोल्डर, परसकोल–बरोली व गढ़फूलझर मार्ग पर बढ़ा हादसों का खतरा।
ग्रामीणों के अनुसार डामर सड़क के किनारे बने मुरुम सोल्डर कई जगहों पर नीचे बैठ चुके हैं। इसके अलावा सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियां और घास सर्विस रोड को ढंक रही हैं। ऐसे में आमने-सामने से आ रहे बड़े वाहनों को साइड देते समय दुपहिया चालक संतुलन खोकर खेतों की ओर गिर रहे हैं।
ट्रक-ट्रैक्टर को साइड देते समय दुपहिया चालक खेतों में गिर रहे, ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग उठाई।
बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे ट्रक या ट्रैक्टर तेज हॉर्न बजाकर साइड मांगते हैं, लेकिन सड़क किनारे धंसे हिस्से के कारण बाइक सवार जैसे ही किनारे उतरते हैं, वे फिसलकर गिर जाते हैं। रात के समय अंधेरे में कटाव दिखाई नहीं देने से छोटे-मोटे हादसे रोजाना हो रहे हैं। इससे दुपहिया चालकों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।

इसी तरह मेदनीपुर से कपसाखुटा मार्ग के बीच बनी पुलिया के दोनों सिरों पर डामर धंस गया है। पुलिया का हिस्सा सड़क से लगभग एक फीट ऊपर उभर आया है, जिससे वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी महिलाएं व बुजुर्ग घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खेतों में सिंचाई के लिए पाइप डालने हेतु कुछ स्थानों पर आर-पार काट दिया गया है, जिससे वाहनों के बेयरिंग और पट्टे टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। छात्र-छात्राओं की साइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

बसना-पतरडीह-बरगांव-गनेकेरा-बारडोली रोड, कुरचुड़ी-जेवरा रोड तथा हाडापथरा-कुदारीबाहरा मार्ग विशेष रूप से प्रभावित बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संबंधित विभाग से शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि संभावित बड़े हादसों को रोका जा सके।




