रायपुर(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 30 नव-नियुक्त खनिज निरीक्षकों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में दी शुभकामनाएं, खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता पर दिया जोर।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में खनन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नव-नियुक्त खनिज निरीक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खनिज क्षेत्र में सुशासन, तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित करना समय की मांग है। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा अधिकारियों की ऊर्जा, प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी।उन्होंने यह भी कहा कि खनन गतिविधियों में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना, अवैध खनन पर नियंत्रण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना खनि निरीक्षकों की अहम जिम्मेदारी होगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद नव-नियुक्त निरीक्षकों ने भी अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।यह नियुक्ति राज्य के प्रशासनिक और औद्योगिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




